Post Views 761
December 19, 2017
सोमवती अमावस्या के मौके पर हजारों श्रद्धालुओं ने सोमवार को ठिठुरती ठंड के बीच पुष्कर सरोवर में स्नान कर दान-पुण्य किया। सोमवती अमावस्या पर पुष्कर सरोवर में स्नान कर दान-दक्षिणा देने का विशेष धार्मिक महत्व है। इसके चलते सोमवार को तेज ठंड के बावजूद हजारों श्रद्धालुओं ने पुष्कर सरोवर में स्नान किया। अल सुबह ब्रह्म मुहूर्त बीच शुरू हुआ स्नान का सिलसिला देर शाम तक चला।
हालांकि सुबह 10 बजे तक श्रद्धालुओं की घाटों पर भीड़ अपेक्षा से कम थी। बाद में धर्मप्रेमियों का स्नान के लिए सरोवर के तट पर तांता लगा रहा। यात्रियों ने स्नान के बाद पुरोहितों को दान-दक्षिणा दी तथा सरोवर की परिक्रमा लगा कर ब्रह्मा मंदिर समेत विभिन्न देव-देवालयों के दर्शन किए। साथ ही ब्राह्मणों को भोजन कराया तथा गायों को चारा खिला कर पुण्य कमाया। कई श्रद्धालुओं ने अपने दिवंगत पूर्वजों की आत्म शांति के लिए तर्पण पिंडदान भी किए।
पंडित कमल नयन दाधीच के आचार्यत्व में काल सर्प शांति अनुष्ठान भी किया गया। सोमवती स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा सुरक्षार्थ पुलिस प्रशासन ने माकूल बंदोबस्त किए। घाटों पर अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया।
सोमवती अमावस्या के अवसर पर सोमवार को पुष्कर सरोवर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने स्नान किया
© Copyright Horizonhind 2024. All rights reserved