Post Views 841
April 26, 2019
खेल डेस्क. आईपीएल के 44वें मैच में शुक्रवार को मुंबई इंडियंस का मुकाबला चेन्नई सुपरकिंग्स से होगा। चेन्नई की टीम ने इस सीजन में होमग्राउंड एमए चिदंबरम पर 5 मैच खेले हैं और सभी में जीत हासिल की है। दोनों टीमों के बीच इस मैदान पर अब तक 6 मैच खेले गए हैं।। इनमें से चेन्नई सिर्फ दो ही जीत पाई है। मुंबई ने चार मुकाबले अपने नाम किए। होमग्राउंड पर चेन्नई ने रोहित शर्मा की टीम को पिछली बार 2010 में हराया था।
ओवरऑल चेन्नई और मुंबई के बीच आईपीएल में 27 मैच खेले गए हैं। इनमें से मुंबई ने 15 और चेन्नई ने 12 जीते हैं।
चेन्नई अंक तालिका में टॉप पर
इस सीजन में महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली चेन्नई 11 में से 8 मैच जीतकर अंक तालिका में पहले स्थान पर हैं। उसके 16 अंक है। वह प्लेऑफ में स्थान पक्का करने वाली अभी इकलौती टीम है। मुंबई ने 10 में से 6 जीते हैं। वह 12 अंक के साथ तीसरे पायदान पर है।
दोनों टीमों ने पिछले 5 मुकाबलों में तीन-तीन जीते
हालिया फॉर्म की बात करें तो दोनों टीमें बराबरी पर दिख रही है। चेन्नई और मुंबई ने अपने पिछले 5-5 मुकाबलों में से 3-3 जीते हैं। हालांकि, चेन्नई ने अपने पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को हराया था, जबकि मुंबई को राजस्थान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इस सीजन में दोनों टीमें दूसरी बार आमने-सामने होंगी। मुंबई के होमग्राउंड वानखेड़े स्टेडियम पर खेले गए पिछले मैच में चेन्नई को हार का सामना करना पड़ा था।
© Copyright Horizonhind 2024. All rights reserved